न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना कर्फ्यू के चलते शुक्रवार को बाजार खुले तो फिर बाजारों में रोजाना की तरह भीड़ उमड़ी। लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया और काफी लोग बिना मास्क के भी दिखे। कुछ ऐसी दुकानें भी खुलीं, जिनकी इजाजत नहीं थी। पूरे दिन लोगों की बाजारों में आवाजाही होती रही। कहीं भी देखकर ऐसा नहीं लगा कि जैसे कोरोना कर्फ्यू लगा हो।
कोरोना कर्फ्यू के चलते शुक्रवार को शहर के बाजारों में खासी भीड़ उमड़ी। हालांकि बारिश के चलते यह भीड़ अन्य दिनों की अपेक्षाकृत कम थी। इस दौरान दूध, दवा, सब्जी, फल, किराना की दुकानें खुली रहीं। कई ऐसी दुकानें भी खुलीं, जिनके खुलने की अनुमति नहीं थी। बाजार में सामाजिक दूरी एक बार फिर तार-तार होती नजर आई। शहर में शाम तक लोगों की आवाजाही बदस्तूर चलती रही। कई दुकानदार पुलिस से नजरें बचाकर सामान बेचते रहे। काफी लोग बिना मास्क के भी दिखाई दिए।