न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के बाजार शनिवार को भी रोस्टर के हिसाब से खुले तो बाजारों में खासी रौनक दिखाई दी। इस दौरान ईद की खरीददारी के लिए भी बाजार में काफी भीड़ उमड़ी। रोस्टर के विपरीत भी कुछ दुकानें खुलीं, लेकिन इन्हें भी पुलिस ने जल्द ही बंद करा दिया।
दो दिन पहले तक शहर के ज्यादातर बाजार हॉटस्पॉट में शामिल थे। जब हॉटस्पॉट समाप्त कर दिया गया तो शुक्रवार से शहर से सभी बाजार रोस्टर के हिसाब से खुलने लगे। शनिवार को दूध, दवा, सब्जी, किराना स्टोर्स, मिठाई, बेकरी की दुकानें तो खुली ही, साथ ही जब रेडीमेड गारमेंट्स, वस्त्रालय, साड़ी, बुक, स्टेशनरी, टेलरिंग, ज्वैलरी शॉप, कास्मेटिक व जनरल स्टोर, बर्तन, बैग, अटैची के सामान की दुकानें खुलीं तो शहर के पंजाबी मार्केट, बागला मार्ग, रामलीला मैदान, कमला बाजार, बागला कॉलेज मार्ग, मेंडू गेट, घंटाघर, सासनी गेट सहित काफी बाजारों में खासी चहल-पहल
दिखी। सोमवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा और रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। ऐसे में सबसे ज्यादा भीड़ ईद के सामान की खरीददारी के लिए दिखी। कुछ दुकानें बिना रोस्टर के भी खुलीं, लेकिन इन्हें पुलिस ने सूचना मिलने के बाद बंद करा दिया।