न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना महामारी का प्रकोप अब भी जारी है। यह अलग बात है कि काफी कम मात्रा में पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। कोरोना से बचने के लिए जहां सरकार लोगों से बूस्टर डोज के रूप में कोरोनारोधी टीके की तीसरी खुराक लगवाने की अपील कर रही है, वहीं अब कुछ लापरवाही भी सामने आई है।
बूस्टर डोज को लेकर जिले चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा वक्त में 63 फीसदी से अधिक लोग कोरोना टीके की तीसरी या एहतियाती खुराक के लिए पात्र हैं। उन्होंने अभी तक यह खुराक ही नहीं ली है, जबकि सरकार और विभाग बार-बार लोगों से आग्रह कर रही है कि एहतियाती खुराक लगवाना अनिवार्य है।
इसके बावजूद जिले में एहतियाती खुराक लेने वालों की संख्या 319971 यानि 31.49 फीसदी है, जबकि पहली खुराक लगवाने वालों की आंकड़ा 102.42 और दूसरी खुराक लगवाने वालों का आंकड़ा 95.87 फीसदी है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि तीसरी खुराक सभी को लगवानी चाहिए। इसके लिए विभाग की तरफ से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग यह खुराक नहीं लगवा रहे हैं, यह काफी चिंतनीय विषय है। संवाद