हाथरस : मेंडू रोड पर जाम के चलते वाहनों की लगी लाइन।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के तालाब चौराहा रेलवे क्रॉसिंग पर गार्डर रखने का काम तेज हो गया है। सोमवार की रात को करीब ढाई-ढाई सौ टन की दो क्रेनों की मदद से तीन गार्डरों को रखा गया। इस काम के मद्देनजर मथुरा-सिकंदराराऊ मार्ग को वन वे कर दिया गया है। इस कारण सुबह से शाम तक लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि शहर के तालाब चौराहे पर जाम को खत्म करने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। अब रेलवे की निर्माण इकाई द्वारा इस क्रॉसिंग पर 54 मीटर के गार्डर को स्थापित करने का काम किया जा रहा है। सोमवार की रात को निर्माण विभाग द्वारा दो क्रेनों की मदद से तीन गार्डर को स्थापित किया गया।
निर्माण इकाई गार्डर लगाने के काम को 20 मार्च तक पूरा करने का प्रयास कर रही है, ताकि लोगों की राह आसान हो सके। इस काम के लिए सिकंदराराऊ-मथुरा रोड को वन वे कर दिया गया है। इस कारण सुबह से शाम तक यहां हर रोज जाम लग रहा है। लोगों को गंतव्य तक की दूरी तय करने में खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को भी यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।