हाथरस: जिला कोषागार में एटीओ के कक्ष में लगा ताला।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट में कोषागार में तैनात एटीओ को खांसी व सर्दी होने की शिकायत पर विभाग द्वारा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मांगे जाने को लेकर अभी तक वरिष्ठ कोषाधिकारी को कोई भी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि एटीओ को फोन के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन उनसे कोई संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। वहीं कक्ष पर लगा लॉक भी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र आने के बाद खुलवा दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ निवासी सासनी गेट के रहने वाले हरीशंकर जैन कलेक्ट्रेट में एटीओ के पद पर तैनात हैं। वरिष्ठ कोषाधिकारी शीलेंद्र कुमार ने एटीओ के पद पर तैनात हरीशंकर जैन को एक पत्र जारी करते हुए अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए थे।
पत्र में वरिष्ठ कोषाधिकारी ने एटीओ से कहा था कि उन्हें यह ज्ञात हुआ है कि उनकी पत्नी हाल में ही अमेरिका से वापस लौटी हैं। आपको सर्दी , जुकाम की शिकायत है। ऐसे में सावधानी बरतते हुए वह अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और तब तक अवकाश पर रहें। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि इस संबंध एटीओ से स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मांगा गया है। अभी तक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि एटीओ से फोन के माध्यम से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। एटीओ ने षडयंत्र का जो आरोप लगाया है, वह गलत है। स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देने के साथ वह ज्वाइन कर सकते हैं।