संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर सभी विभागों ने कमर कस ली। योजनाओं की समीक्षा कर पत्रावलियों को पूर्ण किया जा रहा है। सीएम के प्राथमिकता वाली कार्यों को भी तत्काल पूर्ण करने में अफसर जुट गए हैं। वहीं, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को भी बैंकिंग सेवा सहित अन्य कार्यों में सक्रिय किया जा रहा है, जिससे कि निरीक्षण के दौरान दीदियां स्टॉल के जरिये अपने उत्पादों की प्रस्तुती दे सकें।
जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 25 अगस्त को संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अफसरों में खलबली मची हुई है। उच्चाधिकारियों व विभागाध्यक्षों द्वारा प्रतिदिन योजनाओं की समीक्षा की जा रही है। संभावित निरीक्षण स्थलों का दौरा वहां तैयारियों को दुरुस्त किया जा रहा है। कोविड एवं एकीकृत कंट्रोल रूम को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
यहां तक कि ग्राम पंचायतों को निरीक्षण के लिए चिन्हित कर लिया है। इन ग्राम पंचायतों में सभी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं से संतृप्त किया जा रहा है। सभी कार्यालयों में विभागीय अधिकारियों द्वारा पत्रावलियों को पूर्ण किया जा रहा है, जिससे कि समीक्षा बैठक के दौरान योजनाओं की रिपोर्ट आसानी से प्रस्तुत की जा सके।