न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
किसानों से होने वाली गेहूं की खरीद की जानकारी अफसरों को भी रहेगी। सभी क्रय केंद्रों पर इस बार पॉश मशीन से गेहूं की खरीद की जाएगी। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर पंजीकरण कराने के बाद किसान क्रय केंद्र पर गेहूं बेच सकेंगे। पीएफएमएस के जरिये किसानों को गेहूं का भुगतान होगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं खरीद में पारदर्शिता रखने के लिए इस बार पॉश मशीन का सहारा लिया जा रहा है। सभी केंद्र प्रभारियों को पॉश मशीन दी जाएगी। किसान जन सुविधा केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराएंगे। उसके बाद क्रय केंद्र पर पहुंचकर गेहूं बेचेंगे।
इस दौरान केंद्र प्रभारी मशीन में सारा ब्योरा फीड करेंगे। उसके बाद किसान पॉश मशीन पर अपना अंगूठा लगाएंगे। पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंस सिस्टम) के जरिये शासन स्तर से सीधे भुगतान किया जाएगा। डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार का कहना है कि इस बार सभी केंद्रों पर पॉश मशीन के जरिये गेहूं की खरीद होगी। पीएफएमएस पद्धति से भुगतान होगा।