अब ग्राम प्रधान करेंगे सुकन्या गांव घोषित
जिले के गांव में प्रत्येक घर में होगा बच्चियों का सुकन्या का खाता
डाक विभाग के अधिकारियों को दिए गए जिले के अलग-अलग गांव
गौरव भारद्वाज
हाथरस। अब ग्राम प्रधान अपने गांव में सभी बच्चियों के सुकन्या समृद्धि योजना में शिविर लगाकर खाते खुलवाएंगे। इसके साथ अपने लेटर पैड पर लिखेंगे कि उनके गांव में सभी बच्चियों के सुकन्या में खाते खुल गए हैं। मोहर लगाकर देंगे। इसके साथ डाक विभाग सुकन्या गांव घोषित करेगा। डाक विभाग के अधिकारियों को जिले के एक दर्जन से अधिक गांवों की जिम्मेदारी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि सुकन्या योजना में शून्य से दस वर्ष तक की बच्चियों का खाता खोला जा सकता है। इस योजना के तहत काफी संख्या में खाते खुल चुके हैं। बाकी खातों को खोलने की कवायद शुरू हो गई है। अब सुकन्या योजना के तहत खाते खोलने के लिए ग्राम प्रधानों की मदद ली जाएगी। ग्राम प्रधान की मदद से शिविर लगाकर प्रत्येक घर की बच्ची का खाता खोला जाएगा। इसके बाद ग्राम प्रधान गांव की मॉनीटरिंग करेगा। कोई बच्ची सुकन्या योजना में खाता खुलवाने से रह तो नहीं गई है।
उसके बाद ग्राम प्रधान अपने लेटर पैड पर यह लिखकर देंगे कि उनके गांव में सभी बच्चियों के सुकन्या योजना के तहत खाते खुल चुके हैं। इसके साथ डाक विभाग सुकन्या गांव घोषित करेगा। डाक विभाग के अधिकारियों को एक दर्जन से अधिक गांवों में खाता खोलने की जिम्मेदारी दी गई है। इस मामले में एएसपी चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि अब ग्राम प्रधान के माध्यम से शिविर लगाए जाएंगे। गांवों को सुकन्या गांव घोषित किया जाएगा।