अब प्याज की जमाखोरी नहीं कर सकेंगे व्यापारी
थोक विक्रेता 25 एमटी व फुटकर व्यापारी पांच एमटी से ज्यादा नहीं रखेंगे प्याज
मंडी प्रशासन करेगा प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर छापामारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। प्याज के बढ़ते दामों को लेकर मंडी प्रशासन सतर्क हो गया है। मंडी प्रशासन प्याज की जमाखोरी रोकने के लिए छापामारी करेगा। थोक विक्रेता 25 एमटी और फुटकर व्यापारी पांच एमटी तक ही प्याज रख सकेंगे। मंडी अधिकारी जनवरी में प्याज की कीमतों में गिरावट आने की संभावना जता रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र और केरल में बारिश से प्याज की फसल खराब हो गई है, जिससे हाथरस सहित अन्य मंडियों में प्याज की आवक कम हो गई। बाजार में प्याज के दाम सौ रुपये प्रतिकिलो पहुंच गए हैं। अब तो मंडी से अच्छी गुणवत्ता वाला प्याज गायब हो गया है। लिहाजा अब प्रशासन ने प्याज की जमाखोरी रोकने के लिए सख्ती बरतने का निर्णय लिया है।
थोक व्यापारी पांच एमटी और फुटकर विक्रेता पांच एमटी से ज्यादा प्याज नहीं रख सकेगा। यदि छापामारी के दौरान इससे अधिक प्याज मिला तो दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है कि थोक व्यापारी 25 एमटी व फुटकर व्यापारी पांच एमटी से ज्यादा प्याज नहंीं रख सकेंगे। अब प्याज की जमाखोरी को रोकने के लिए छापामारी अभियान चलेगा।