संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
अब ट्रेनों में नकदी देकर टिकट लेने का झंझट आने वाले दिनों में खत्म हो जाएगा। रेलवे जल्द पेटीएम से टिकट देने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। टीईटी भी पेटीएम के माध्यम से जुर्माना वसूल करेंगे। माना जा रहा है यह सुविधा जुलाई से शुरू होगी। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी, वहीं कैशलेश सिस्टम को बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे द्वारा कैशलेश की ओर एक और कदम बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रेल में सफर के दौरान टिकट लेकर यात्री पेटीएम से भुगतान कर सकेंगे। रेलवे का पेटीएम के साथ करार भी हो गया है। जल्द ही जनरल और आरक्षण टिकट काउंटर पर पेटीएम बार कोड स्कैन करके यात्री पेमेंट कर सकेंगे।
साथ ही जिले के स्टेशनों पर चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों से भी जुर्माना पेटीएम के बार कोड से वसूला जाएगा। इसकी रेलवे प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो अभी कोई ऐसा आदेश नहीं आया है। हालांकि पेटीएम से टिकट की शुरुआत जुलाई माह से होने की उम्मीद है।