न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोडवेज के उन कर्मियों को ड्यूटी पर जाने का मौका नहीं मिलेगा, जिन्होंने अभी तक टीके की पहली खुराक नहीं ली है। बड़ी संख्या में कर्मी अभी टीके से वंचित हैं। डिपो परिसर में तीन दिन लगे शिविर में करीब साढ़े तीन सौ कर्मियों ने ही टीका लगवाया है। डिपो अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ खुद की भी सुरक्षा जरूरी है, इसलिए बाकी कर्मियों का भी जल्द ही टीकाकरण कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में 79 बसें हैं। इन बसों के संचालन में करीब 500 कर्मी लगे हुए हैं। बीते दिनों निगम स्तर से यह आदेश जारी किया गया है जो कर्मी टीके की पहली खुराक नहीं लगवाएंगे, उनको वेतन नहीं मिलेगा। इसको ध्यान में रखते हुए डिपो के करीब साढ़े तीन सौ कर्मियों ने बसस्टैंड परिसर में लगे शिविर में टीकाकरण कराया था। अब भी काफी कर्मी टीकाकरण से वचित रह गए हैं। इन कर्मियों को अब तब तक मार्ग पर नहीं भेजा जाएगा, जब तक वह टीका नहीं लगवा लेते।