न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब ग्राम पंचायतों पर बिजली खर्च के भुगतान का भी बोझ बढ़ने वाला है। बिजली महकमा ग्राम पंचायतों से स्ट्रीट लाइट, पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र आदि का बिजली का बिल लेगा। इसके लिए विभाग द्वारा 13 व 14 अगस्त को ब्लाकों पर शिविर लगाया जाएगा और बिल उपलब्ध कराए जाएंगे।
उल्लेखनीय है बिजली विभाग का जिले के सरकारी कार्यालयों पर अच्छा खासा बकाया है। कई बार कोशिश के बाद भी बिजली विभाग को बिल का भुगतान नहीं मिला है। पूर्व यह आदेश जारी हुआ था कि एक अप्रैल 2018 से स्कूलों का भुगतान ग्राम पंचायत मद से किया जाएगा। इस क्रम में विभागीय अधिकारी ग्राम पंचायतों को बिल देने की तैयारी कर रहे हैं। विभाग द्वारा ग्रामीण स्कूल, स्ट्रीट लाइट, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र आदि के बिल लेने के लिए जिले की सातों ब्लाकों में शिविर लगाए जाएंगे।
ग्राम पंचायत से जुड़े अधिकारियों को सही बिल उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वह बकाया को जल्द से जल्द जमा कर सकें, क्योंकि बिजली विभाग का गांवों में लाखों रुपये का बकाया है। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि अब स्कूल, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र आदि का बिल ग्राम पंचायत के मद से होगा। इसके लिए जिले की सातों ब्लाकों में शिविर लगाए जाएंगे और बिल उपलब्ध कराए जाएंगे।