संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
सामुदायिक शौचालय व पंचायत घरों में कमी मिलने पर जिले के दो दर्जन ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई डीपीआरओ ने की है। इसका भौतिक सत्यापन डीएम के निर्देश पर कराया गया था।
जिले की ग्राम पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालय व पंचायत घरों में लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए डीएम रमेश रंजन के निर्देश पर टीमें गठित कर सामुदायिक शौचालय व पंचायत घरों का भौतिक सत्यापन किया गया था। टीम ने सामुदायिक शौचालय व पंचायत घरों के संचालन, निर्माण की गुणवत्ता आदि व्यवस्थाओं के बारे में अपनी रिपोर्ट तैयार की थी।
इस रिपोर्ट के आधार पर 40 पंचायत घरों, 27 सामुदायिक शौचालयों में कमी पाई गई। इस कमी को दुरुस्त करने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों को निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन निर्देश के क्रम में संतोषजनक कार्य न किए जाने पर डीपीआरओ ने इन ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की है।
डीपीआरओ जीडी जैन दो दर्जन ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। नोटिस के माध्यम से कहा है कि तीन दिन के अंदर कमियों को दुरुस्त न कराए जाने की स्थिति में संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा है कि कमियों को दूर कराकर फोटोग्राफ के साथ अपनी आख्या भी प्रस्तुत करें।