न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
श्री अर्जुन सिंह इंटर कॉलेज नंदराम असरोई के प्रधानाचार्य को एसआर रजिस्टर में अनियमितता पर डीआईओएस रीतू गोयल ने नोटिस जारी है। इसमें कहा गया है कि छात्र पंजीकरण स्थानांतरण प्रमाण पत्र एसआर संख्या 2481 से 2580 तक विद्यार्थियों के पिता, माता, जन्मतिथि और विद्यालय के नाम अंकित नहीं किए गए हैं। एक सप्ताह के अंदर जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
श्री अर्जुन सिंह इंटर कॉलेज नंदराम असरोई के कुछ स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) को प्रमाणित किए जाने के लिए डीआईओएस के सामने पेश किया गया। जब डीआईओएस ने छात्र एसआर पंजिका को देखा तो पता चला कि विद्यालय के एसआर रजिस्टर में अधिकतर छात्रों के पिता का नाम, माता का नाम, जाति, धर्म, जन्म तिथि एवं पूर्व विद्यालयों के नाम अंकित नहीं किए गए हैं।
प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण साक्ष्यों सहित तत्काल कार्यालय में प्रस्तुत करने और सभी एसआर पंजिका पूर्ण कर एक सप्ताह के अंदर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद