शपथ पत्र नहीं देने पर चार शैक्षिक संस्थानों को नोटिस
छात्रवृत्ति के संबंध में शपथ पत्र नहीं देने पर समाज कल्याण अधिकारी ने की कार्रवाई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। समाज कल्याण विभाग ने तीन आईटीआई कॉलेजों और एक डिग्री कॉलेज को नोटिस जारी किया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रवृत्ति के संबंध में शैक्षिक संस्थानों द्वारा शपथ पत्र नहीं दिए जाने पर यह कार्रवाई की है। इन शैक्षिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति पर भी पर रोक लगा दी गई है।
शासन स्तर से सभी शैक्षिक संस्थानों से विभिन्न कोर्स में सीधे प्रबंधकीय कोटे में प्रवेश किए जाने वाले छात्र-छात्रों की छात्रवृत्ति पर रोक लगा दी गई है। इसे लेकर जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से आईटीआई और बीएड आदि कोर्स कराने वाले शैक्षिक संस्थानों से शपथ पत्र मांगा गया था। इस शपथ पत्र में शैक्षिक संस्थानों को यह लिखकर देना था कि उनके यहां अध्ययनरत विद्यार्थी प्रबंधकीय कोटे व सीधे प्रवेश किए हुए नहीं है।
इस आधार पर इन विद्यार्थियों का डाटा छात्रवृत्ति के लिए शासन को भेजा जाता। जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि छात्रवृत्ति के संबंध में शपथ पत्र नहीं देने पर रामस्वरूप आईटीआई रति का नगला, मां राजो देवी आईटीआई रति का नगला, मां पार्वती देवी आईटीआई मुरसान और केजीएन डिग्री कॉलेज को नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि इन शैक्षिक संस्थानों के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के डाटा पर भी रोक लगा दी गई है।