ड्यूटी से गैरहाजिर चालक-परिचालकोें को दिया नोटिस
बसों का संचालन बाधित होने के मद्देनजर उठाया कदम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हाथरस डिपो के कुछ चालक-परिचालक आए दिन ड्यूटी से नदारद हो रहे हैं। इस कारण बसों का संचालन बाधित हो रहा है। अब ऐसे चालक-परिचालकों को जल्द से जल्द उपस्थित होने के लिए एआरएम ने नोटिस दिया है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 84 बसेें हैं। बसों के हिसाब से करीब दो दर्जन चालकों की कमी चल रही है। रही-सही कसर चालक-परिचालकों की गैरहाजिरी ने पूरी कर दी है। इस कारण आए-दिन डिपो की बसें कार्यशाला में खड़ी हो रही हैं। अब गैरहाजिर रहने वाले चालक-परिचालकों से निगम के अधिकारी सख्ती से निपटने के मूड में नजर आ रहे हैं।
एआरएम ने लापता चालक-परिचालकों को उपस्थित होने के नोटिस दिया है। यदि यह उपस्थित नहीं हुए तो इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एआरएम शशी रानी का कहना है कि कुछ चालक परिचालक बिना बताए गैरहाजिर हो रहे हैं। उनको जल्द से जल्द उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया गया है।