न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद/हाथरस।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाएं लचर हैं। अस्पताल परिसर में इंडिया मार्का टू हैंडपंप खराब पड़ा है। मरीजों के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में मरीजों को बाजार से खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार है। और तो और अस्पताल में ब्लड प्रेशर मापने तक की मशीन खराब पड़ी है। अस्पताल में दवा का भी संकट दिखा। मरीजों को दवा व इंजेक्शन बाहर से खरीदने पड़ रहे हैं। सुबह जब अमर उजाला की टीम ने सीएचसी पर स्थिति देखी तो वहां मरीज और उनके तीमारदारों की यह समस्याएं सामने आईं।
केस 01
दो दिन चक्कर लगवाए, तब लगाई एआरवी
क्षेत्र के गांव खेरिया ढहर के निवासी बनवारी लाल को कुछ दिन पहले कुत्ते ने काट लिया। वह शनिवार की सुबह आठ बजे ही एआरवी लगवाने के लिए सीएचसी पहुंच गए। काफी देर भटकने के बाद भी उन्हें इंजेक्शन नहीं लगाया गया। काफी देर इंतजार करने के बाद उन्हें इंजेक्शन लगाया जा सका। एक दिन पहले भी वह इंजेक्शन के लिए अस्पताल आए थे और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा था।
केस 02
मशीन खराब, ब्लड प्रेशर ही नहीं मापा
सलेमपुर रोड की निवासी राधा घर पर कामकाज करते वक्त गर्मी के चलते बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय स्टाफ ने उपचार से पहले राधा देवी का ब्लड प्रेशर मापना चाहा, लेकिन मशीन खराब निकली। इसके चलते राधा देवी का रक्तचाप की नहीं मापा जा सका।
केस 03
बाहर से खरीद कर लगवाना पड़ा इंजेक्शन
गांव महावतपुर के रहने वाले प्रताप सिंह का पांव कील चुभने से घायल हो गया था। निजी चिकित्सक ने उन्हें इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी थी, इसलिए शनिवार को वह सीएचसी पर इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंचे थे। चिकित्सक ने सीएचसी पर टीटी इंजेक्शन उपलब्ध होने से मना कर दिया और बाहर दवा की दुकान से इंजेक्शन खरीदकर लाने के लिए बोल दिया।
अस्पताल के पिछले हिस्से में जमा कूड़े को हटवाने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष से बात हो गई है। एक-दो दिन में सफाई हो जाएगी। इमरजेंसी के बाहर लगा हैंडपंप लंबे समय से खराब है। पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है। स्टाफ की बाइक खड़ी करने का इंतजाम अस्पताल के अंदर अन्य स्थान पर कर दिया गया है। अस्पताल में स्टाफ पूरा है। दवाओं की उपलब्धता बरकरार है। लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिल रहा है।
- डॉ. मयंक बंसल, चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी सादाबाद।