न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना काल के कारण स्कूल-कॉलेजों में पढ़ाई ठप पड़ी है। ऐसे में नौवीं से 12वीं तक के माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शासन के निर्देश पर ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। इसे लेकर डीआईओएस ने दो नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं, जो ऑनलाइन पढ़ाई की निगरानी कर रहे हैं।
शासन ने पिछले दिनों नौवीं से 12वीं कक्षा तक के सभी माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई की शुरुआत करने को कहा था। इसे लेकर माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन पठन-पाठन शुरू हो गया है। डीआईओएस ऋतु गोयल ने बताया कि ऑनलाइन पठन-पाठन की निगरानी के लिए जिला स्तर पर योगेश कुमार प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल गंगापुर और राजेश कुमार शुक्ला प्रधानाचार्य बागला इंटर कॉलेज को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक 10 विद्यालयों पर नोडल अधिकारी के रूप में राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 34 प्रधानाचार्यों को नियुक्ति किया गया है। विद्यालयों की ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन के लिए जिला स्तरीय मॉनीटरिंग सेल का गठन किया गया है, जिसमें 34 प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों को नामित किया गया है।
जिले में वर्तमान में 353 विद्यालय माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित हैं। सोमवार को डीआईओएस ने सभी जिला स्तरीय मॉनीटरिग सेल एवं ब्लॉक प्रभारियों के साथ जूम एप के माध्यम से बैठक आयोजित की और सभी को ऑनलाइन कक्षाओं के सफल संचालन के लिए निर्देशित किया। नोडल अधिकारी व मॉनीटरिंग सेल द्वारा प्रत्येक बुधवार को जिला स्तर पर सूचना कर उपलब्ध कराई जाती है। पठन-पाठन के लिए व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से शिक्षण कार्य कराया जा रहा है।