न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना से बचाव के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को नोडल अधिकारी प्रभात कुमार सारंगी आयुक्त उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली हाथरस आएं। उन्होंने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ बागला जिला अस्पताल व एलटी-2 कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। वीडियो कॉल के जरिये मरीजों से बातचीत की और स्थिति जानी। नोडल अधिकारी ने समीक्षा बैठक भी की।
नोडल अधिकारी ने बागला संयुक्त चिकित्सालय में सीटी स्कैन कक्ष, टीकाकरण कक्ष, कोविड जांच कक्ष, पीडियाट्रिक आईसीयू कक्ष और संभावित कोरोना वार्ड व सामान्य वार्ड का निरीक्षण किया। महिला चिकित्सालय पहुंचकर एसएनसीयू का निरीक्षण किया। इसके बाद एल-2 कोविड-19 हॉस्पिटल, एमडीटीबी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंद्र मोहन चतुर्वेदी ने उन्हें बताया कि बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में 28 एआरवी लग चुके थे। 15 सीटी स्कैन, 99 पैथोलॉजी जांच ट्रूनॉट की चार जांच व आठ एंटीजन जांच, आठ एक्सरे और इमरजेंसी में सात मरीज भर्ती अन्य 24 मरीजों को चिकित्सा सुविधा दी गई।
एमडीटीबी हॉस्पिटल में बने एल-2 अस्पताल का भी उन्होंने निरीक्षण किया और वीडियो कॉल के माध्यम से भर्ती मरीजों से वार्ता कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। भर्ती मरीजों ने बताया कि यहां जो व्यवस्थाएं हैं, उनसे वह संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि खाना, दवाई समय से मिल रही है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंद्र मोहन चतुर्वेदी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।