न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)।
कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों, जिले के कोविड संक्रमण की स्थिति व प्रभावी नियंत्रण के मद्देनजर शासन से नामित नोडल अधिकारी स्थानिक आयुक्त उत्तर प्रदेश नई दिल्ली प्रभात कुमार सारंगी ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उपकेंद्र पटाखास मुरसान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सर्वेक्षण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और इसमें ढिलाई बरतने पर ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप केंद्र पर चल रहे वैक्सीनेशन के संबंध में बीएसडब्ल्यू संगीता सिंह से जानकारी ली। इस मौके पर संगीता सिंह ने बताया कि टीकाकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। टीके की पहली खुराक लोगों को दी जा रही है। नोडल अधिकारी ने टीकाकरण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक वायल में टीके की 10 डोज होती हैं। एक वायल समाप्त होने के बाद ही दूसरी वायल का प्रयोग शुरू करें। खंड विकास अधिकारी ज्योति शर्मा ने बताया कि इस ग्राम पंचायत की कुल आबादी 2354 तथा 400 परिवार हैं। उन्होंने बताया कि छह सदस्यीय निगरानी समिति के माध्यम से सात दिन में 203 परिवारों का सर्वे का कार्य किया गया है।
लक्षण युक्त मरीजों को निगरानी समिति के माध्यम से मेडिसिन की किट का वितरण किया जा रहा है और सफाई कर्मचारियों के माध्यम से गांव में सैनिटाइजेशन का कार्य निरंतर किया जा रहा है। सर्वेक्षण कार्य की धीमी प्रगति होने पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यही नहीं उन्होंने सर्वेक्षण में लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने के आदेश भी दिए। उन्होंने संक्रमण से बचाव के संबंध में लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंद्र मोहन चतुर्वेदी, जिला पंचायतराज अधिकारी बनवारी सिंह, खंड विकास अधिकारी मुरसान ज्योति शर्मा आदि मौजूद थे। वहीं डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत पटाखास के पंचायत सचिव यतेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।