न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जिले में सोमवार से नाइट कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया है। अब जिले में प्रत्येक दिन रात्रि आठ बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू रहेगा। डीएम ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को समय-समय पर चेकिंग कर कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के निर्देश जारी किए हैं।
शासन के निर्देश पर अब तक जिले में शुक्रवार की रात आठ बजे से सोमवार की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू रहता था, लेकिन शासन स्तर से उन जिलों में हर दिन रात्रि कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया गया था, जहां कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। रात्रि में अनावश्यक आवागमन रोकने के लिए शासन ने यह आदेश जारी किया है।
लिहाजा अब जिला प्रशासन की ओर से भी रात्रि में आवागमन कम करने और कोरोना से बचाव को देखते हुए नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। सोमवार की रात आठ बजे से जिले में नाइट कर्फ्यू लागू हो जाएगा। प्रत्येक दिन रात्रि आठ से सुबह सात बजे नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। डीएम ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर नाइट कर्फ्यू का पालन कराए जाने के निर्देश दिए हैं।