भारत सरकार की राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की पहल पर कोरोना जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत गांव-गांव जाकर मोबाइल वैन लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक कर रही है। हसायन क्षेत्रों के गांवों में टीम ने पहुंच कर लोगों को जागरूक किया।
सर्वहितकारी शिक्षा प्रसार समिति गोवर्धन, मथुरा के तत्वावधान में रविवार को मोबाइल वैन गांव अंडोली, मथुरापुर पहुंची। प्रधानों के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया। तीसरी लहर से बचने के लिए लोगों को नुक्कड़ नाटक से जागरूक किया। पर्यटन स्थलों और बाजारों में बड़ी संख्या में बिना मास्क लगाए भीड़ न लगाने का संदेश दिया। आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकले और सामाजिक दूरी का पालन करने की बात पर जोर दिया गया। यहां पर बताया गया कि यदि किसी को खांसी जुकाम, बुखार आदि जैसे लक्षण दिखें तो ऐसे व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल ले जाकर उसकी कोरोना की जांच कराने का संदेश दिया। कार्यक्रम के संचालन के दौरान सभी गांवों में समिति के सचिव धर्मराज सिंह भी मौजूद रहे। लोकेंद्र सिंह और अखिल भदौरिया स्थानीय संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे। जिन्होंने जनता के समक्ष जागरूकता भाषण देते हुए कहा यह कोरोना महामारी बहुत ही भयावह है। जिसके विरुद्ध हम लड़ सकते हैं, यदि हम सामाजिक दूरी बनाकर रखें और डबल मास्क लगाएं, खासकर जब बाहर और भीड़भाड़ वाली जगहों पर हों।
कला जत्था एवं नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम को संचालन करने से पहले वहां उपस्थित सभी लोगों को मास्क बांटे गए। उन्हें उचित दूरी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के दौरान कौशल सिंह, अमित स्वामी, मनोज कुमार, बलवीर सिंह, सतीश कुमार, रश्मि, निधि, समिति के विभिन्न वॉलंटियर्स भी मौजूद रहे।