फांसी लगाकर नव विवाहिता ने की आत्महत्या
मुरसान कस्बा के मोहल्ला छिपैटी का मामला
पांच महीने पहले ही हुई थी शादी
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कस्बा मुरसान के मोहल्ला छिपैटी में फांसी लगाकर नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद यहां पर आए मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। यहां पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेजा है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव अईयापुर निवासी प्रताप सिंह ने 17 मई 2019 को अपनी बेटी बबीता की शादी कस्बा मुरसान के मोहल्ला छिपैटी निवासी मंगलसिंह के साथ की थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करने लगे। मंगलवार को मायके के लोगों को सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबियत ज्यादा खराब है, जल्दी से मुरसान आ जाओ। जिसके बाद मायके के लोग कस्बा मुरसान पहुंचे। तो पता चला कि उनकी बेटी की फांसी पर लटकने से मौत हुई है।
यहां पर हंगामा होने लगा। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही फंदे शव को नीचे उतार लिया गया। वहीं पति यहां से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल परिसर स्थित चीरघर भेजा है। मायके पक्ष के लोग ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। एसएचओ सत्यप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।