न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भाजपा के सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की घोषणा जल्द ही होगी। इसके लिए संगठन से नाम मांगे हैं। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर भी पार्टी ने कमर कस ली है और आलाकमान ने स्पष्ट रूप से यह निर्देश दिया है कि इन पदों पर पार्टी का ही कब्जा होना चाहिए।
शनिवार को भाजपा की ब्रज क्षेत्र की वृंदावन में हुई बैठक में जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य और क्षेत्रीय मंत्री डॉली माहौर भी शामिल हुईं। इसमें मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद रहे। वहां संगठन के कामकाज की समीक्षा हुई। भाजपा में अब जल्द ही जिले के छह मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदों पर नई तैनाती होगी। जिलाध्यक्ष गौरव आर्य की मानें तो इसके लिए आलाकमान ने नाम मांगे हैं।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों पदों पर पार्टी की जीत को लेकर भी मंथन हुआ। जिलाध्यक्ष का कहना है कि पार्टी जिले में इन पदों पर काबिज होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पार्टी ने सीमा उपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है। बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा हुई। अन्य अहम विषयों पर भी बैठक में चर्चा हुई।
एक राजनेता बन सकते हैं आयोग के सदस्य
हाथरस। अभी प्रदेश में कई आयोगों के सदस्यों सहित कुछ पदों पर नियुक्तियां नहीं हुई हैं। ऐसे में सूत्र बताते हैं कि भाजपा के एक पुराने नेता की जल्द ही एक आयोग में तैनाती हो सकती है।