संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर इलाके के गांव नगरिया नंदराम निवासी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या उसके भतीजे ने अपने मामा के बेटे के साथ मिलकर रुपयों के लेनदेन को लेकर की थी। इस मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयोग किया गया तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि कोटा कपूरा चौराहा के पास नगरिया नंदराम की तरफ एक खेत में सड़क किनारे पेड़ के नीचे मनोहर लाल (50) पुत्र गेंदालाल कुशवाह का शव पड़ा मिला था। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मृतक के बेटे धर्मेंद्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
एसपी के निर्देश पर सीओ सिटी मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नवीपुर बंबा पर पंचशील चौराहे से पीतांबर पुत्र जगना निवासी ऊंटगाड़ी मोहल्ला थाना कोतवाली नगर, आकाश पुत्र सौदान सिंह निवासी नंदराम नगरिया थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से घटना में प्रयोग किया गया एक तमंचा व दो कारतूस बरामद भी पुलिस ने बरामद किए हैं। इस पूरे मामले का खुलासा एएसपी प्रकाश कुमार ने कोतवाली सदर में किया। इस मौके पर सीओ सदर मनोज कुमार शर्मा, कोतवाली सदर प्रभारी लोकेश कुमार भाटी, एसआई रामपाल, एसआई उमेश बाबू आदि मौजूद रहे।
11 लाख रुपये का कर्ज लेकर नहीं कर रहे थे वापस
पुलिस के मुताबिक मनोहर लाल की हत्या पीतांबर व आकाश ने मिलकर की थी। हत्या का कारण पूछने पर आकाश ने बताया कि मनोहर लाल उसके चाचा थे। जिन पर उसके 11 लाख रुपये थे, जो मांगने पर नहीं दे रहे थे और शराब पीकर गाली गलौज करते थे।
अभियुक्त पीतांबर ने बताया कि एक प्लाट की बिक्री में मनोहरलाल ने उसके रुपये नहीं दिए और उल्टा उस पर अपने 40 हजार रुपये का कर्ज बताते थे। इसीलिए अभियुक्त पीतांबर ने आकाश के साथ मिलकर उनकी हत्या की योजना बनाई। योजनानुसार मृतक मनोहर लाल को घर से बुलाकर लाए, शराब पिलाई और फिर कोटा रोड पर तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी।