न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्रीय भाजपा सांसद राजवीर दिलेर ने कहा है कि चंदपा क्षेत्र की घटना में कुछ लोग राजनीतिक कारणों से उनका नाम घसीट रहे हैं। जो लोग मेरा नाम इस प्रकरण में घसीट रहे हैं, वह जनता द्वारा ठुकराए गए लोग हैं।
दिलेर ने कहा है कि 13 से 25 सितंबर तक लोकसभा सत्र होने के कारण वह दिल्ली में रहे हैं। यह घटना 14 सितंबर की है और उनके लौटने से पूर्व ही यह घटना घटित हुई। इससे स्पष्ट है कि यह सब जनता को भ्रमित करने की साजिश है।
दिलेर ने कहा कि वे हमेशा सत्य व न्याय के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह बाहरी व विपक्षियों के बहकावे में नहीं आएं। हताश व निराश राजनेता अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए उनका नाम अकारण घसीटकर राजनीतिक रोटियां सेकना बंद करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। दूध का दूध और पानी का पानी होगा।