राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर रखा गया मुरसान रोड का नाम
जयंती पर कई स्थानों पर हुए कार्यक्रम, राजा साहब को किया याद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। रविवार को आर्यान पेशवा राजा महेंद्र प्रताप की जयंती जिले भर में कई स्थानों पर धूमधाम से मनाई गई। गोष्ठी में राजा साहब को याद किया गया। उन्हें भारत रत्न देने की मांग की गई। वहीं नगर पालिकाध्यक्ष ने मुरसान रोड का नाम राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर रखने की घोषणा की। इस पट्टिका का अनावरण भी किया गया।
मथुरा रोड स्थित राजरानी मेहरा गेस्ट हाउस में जाट चेतना समिति के तत्वावधान में आर्यान पेशवा राजा महेंद्र प्रताप का जन्मदिवस मनाया गया। मौके पर हुए कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने राजा साहब को भारत रत्न देने की मांग की। सदर विधायक हरीशंकर माहौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप के नाम से विवि खोलने की घोषणा की है। कलक्ट्रेट हाथरस में भी उनकी प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे।
जाट चेतना समिति के संयोजक हितेंद्र गुड्डू एडवोकेट ने राजा साहब के जीवन पर प्रकाश डाला। पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि राजा साहब ने अपने पूरे जीवन को राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उनके बताए बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन ने इसी के चलते अब राजा साहब के नाम पर मथुरा रोड का नाम रखने का फैसला रखा गया है। पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मवीर सिंह ने कहा जब से जाट चेतना समिति बनी है तब से अपने महापुरुषों को लेकर काफी गंभीर है।
राजा गरुण ध्वज सिंह ने संसद में राजा साहब का चित्र लगवाने की मांग की। सदर विधायक हरीशंकर माहौर, पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, कुंवर धर्मवीर सिंह, पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने पूर्व ब्लाक प्रमुख अर्जुन सिंह ने पट्टिका का अनावरण किया। कार्यक्रम में अर्जुन सिंह, ओमवीर सिंह राना, सुरेश चौधरी, विशाल चाहर, महेंद्र सिंह, मधुशंकर, रतन कुमार, अरविंद कुमार, विनय कुमार आदि थे।
कार्यक्रम के आयोजकों ने अतिथियों का भी स्वागत किया। इधर, भाजपा कार्यालय पर भी राजा महेंद्र प्रताप की जयंती मनाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने कहा कि राजा साहब पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष थे। हिंदू मुस्लिम एकता के पक्षधर थे। अलीगढ़ विश्व विद्यालय के लिए जमीन दी थी। कार्यक्रम में सदर विधायक हरीशंकर माहौर, नगराध्यक्ष मोहन पंडित, हरीशंकर राना, कप्तान सिंह ठैनुआ, जितेंद्र प्रधान, सुनीता वर्मा, सुचेता जॉन, विष्णु बघेल, अशोक गोला, मूलचंद्र वार्ष्णेय, आकाश वार्ष्णेय, तनिष्क अरोरा, विवेक रावत, विजय पंडित, दीपक वार्ष्णेय, रवि चोधरी, अशोक अग्रवाल रवि वार्ष्णेय आदि थे।