न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार, पालिका अध्यक्ष सरोज देवी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। सीएचसी पर सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद पालिका ने सीएचसी के जच्चा-बच्चा वार्ड को गोद ले लिया। अब यहां आने वाली महिलाओं को पालिका की ओर से सुविधायें उपलब्ध कराई जाएंगी।
शासन के निर्देश पर सीएचसी पहुंचे पालिका के लोगों ने वहां सफाई व्यवस्था परखी और सुविधाओं का आकलन किया। इसके बाद सीएचसी के प्रसूति वार्ड का निरीक्षण किया और घोषणा की कि इसे पालिका ने गोद ले लिया है। अब पालिका वार्ड की विशेष सफाई के साथ सुविधाएं मुहैया कराने में जुट गई हैं। पालिका अध्यक्षा, ईओ ने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी शक सुबहा के टीके लगवाएं।
इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनेश यादव, डॉ संजय कुमार ने उपलब्ध सुविधाओं व आवश्यकताओं के विषय में बताया। हालांकि, पालिका क्या सुविधा उपलब्ध कराएगी और कब से कराएगी इस बारे में कुछ नहीं बताया गया।