प्रेमी के साथ मिलकर मां ने की थी बेटी की हत्या
अवैध संबंधों को छिपाने के लिए दिया वारदात को अंजाम, सादाबाद में हुई पांच वर्ष की बच्ची की हत्या का खुलासा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सादाबाद क्षेत्र के एक गांव में हुई पांच साल की बच्ची की हत्या का पुलिस ने राजफाश किया है। मां ने अवैध संबंधों को छिपाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की थी। जांच में पता चला है कि बच्ची के नाजुक अंगों से भी छेड़छाड़ की गई है। पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा व एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने मंगलवार को सादाबाद क्षेत्र में 12 नवंबर को दुष्कर्म के बाद की गई बच्ची की हत्या के मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि बच्ची की मां के गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध थे। 12 नवंबर को वह अपने प्रेमी के साथ कमरे में आपत्तिजनक हालत में थी, जिसे बच्ची ने देख लिया था। उसके बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी की हत्या की योजना बनाई। एसपी ने बताया कि बच्ची अपनी दादी के घर से शाम को करीब साढ़े सात बजे खेलकर लौट रही थी।
इस बीच बच्ची की मां ने अपने प्रेमी को घर में बुला लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बच्ची को मारने से पहले उसके नाजुक अंगों से छेड़छाड़ भी की गई। बच्ची की हत्या कर उसे शॉल ओढ़ाकर अपने कंधे पर डालकर भट्टे के गड्ढे में मां डालकर घर लौट आई। मामले के खुलासे के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बच्ची की मां व उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ जगदीश यादव, एसआई अनिल यादव, रामदास पचौरी, एचसी मानिकचंद्र शर्मा, मानवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अंशु यादव शामिल थे। खुलासे के वक्त सीओ सादाबाद भी मौजूद रहे।