न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
महंगाई को पीछे छोड़कर धनतेरस से लेकर दिवाली तक जिलेभर में लोगों ने खूब वाहन खरीदे। जिले में दो हजार बाइक, चार पहिया और स्कूटर आदि वाहनों की खरीदारी हुई। इससे एआरटीओ कार्यालय को पंजीकरण से लाखों रुपये का राजस्व मिला है।
उल्लेखनीय है कि जिले में एक दर्जन चार पहिया व दो पहिया वाहनों की एजेंसी हैं। पर्व को लेकर इन एजेंसियों पर वाहनों की बुकिंग की गई। काफी बड़े पैमाने पर बाइकों की खरीद हुई। इस बार धान और सरसों की फसल प्रभावित होने से बाइकों की बिक्री प्रभावित रही है। साथ ही प्रत्येक बाइक के दाम में तीन हजार रुपये का इजाफा हुआ है।
इसके बाद लोगों ने महंगाई को पीछे छोड़ते हुए, हीरो होंडा, बुलेट और मारुति की वैगनआर सहित पसंद के अनुसार वाहनों की खरीदारी की। जिलेभर में करीब दो हजार वाहनों की बिक्री हुई। इन वाहनों के पंजीकरण से परिवहन विभाग को अच्छा-खासा राजस्व मिला है। सबकुछ ऑलाइन होने की वजह से त्योहार पर खरीद का आंकड़ा व राजस्व का ग्राफ अभी साफ नहीं हो सका है। कुछ एजेंसियों ने अभी पेपर अपलोड नहीं किए हैं। साथ ही इन वाहन स्वामियों द्वारा अपनी पसंद के नंबर पाने के लिए राशि जमा करते हुए ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है। संवाद