हाथरस : जिम के अंदर से उठती आग की लपटें। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, (सादाबाद) हाथरस
दिवाली के दिन बिसावर स्थित जिम में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। आग देखकर मुख्य बाजार के आसपास खलबली मच गई। बाहर काफी देर तक भीड़ जमा रही। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की दमकल ने आग पर काबू पाया।
बिसावर निवासी प्रकाश फौजदार पुत्र सुनील कुमार मुख्य बाजार में एवेंजर जिम सेंटर एंड फूड सप्लीमेंट के नाम से जिम चलाते हैं। इस केंद्र में व्यायाम के लिए लाखों रुपये की मशीनें लगी हुई हैं। 24 अक्तूबर को दिवाली के मौके पर प्रकाश फौजदार जिम में दिवाली का पूजन किया था। शॉर्ट सर्किट से जिम में आग लग गई। खिड़की से धुआं और आग की लपटें दिखाई देने पर आसपास खलबली मच गई।
सूचना पाकर प्रकाश फौजदार जिम पहुंच गया। लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग इतनी भयंकर थी कि आग बुझाने के सारे प्रयास विफल रहे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक जिम में लगी लाखों रुपये की मशीन जलकर राख हो गईं। प्रकाश फौजदार का कहना है कि आग लगने से करीब 1500000 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के संबंध में जिम संचालक ने पुलिस को शिकायत दी है। संवाद