न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कोरोना संक्रमण के दौर में कस्बा और क्षेत्र में महामारी की तरह फैल रहे बुखार और अन्य कई बीमारियों से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई। इन मौतों से परिजनों में कोहराम मचा रहा। इधर, गांव-गांव फैल रहे बुखार से कई लोग पीड़ित हैं। काफी इलाज कराने के बाद भी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य महकमा इसे लेकर बेसुध है।
गांव जैतई के पूर्व प्रधान भूप सिंह राणा के छोटे भाई 58 वर्षीय चंद्रपाल सिंह राना को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। इन्हें आगरा भर्ती कराया गया था। मंगलवार की सुबह हार्ट अटैक पड़ने से इनका निधन हो गया। गांव गढ़ी नौकस निवासी 70 वर्षीय बहादुर सिंह और उनके 35 वर्षीय बेटे मनोज को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था।
सोमवार को बहादुर सिंह और मंगलवार को उनके बेटे की मौत हो गई। बहादुर सिंह की पत्नी की भी तबियत खराब चल रही है। गांव गढ़ उमराव के प्रधान पद के प्रत्याशी राजू की मां रामरती पत्नी बैनीराम उम्र करीब 81 साल को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी गांव के 76 वर्षीय ज्योति प्रसाद पुत्र प्यारेलाल को तीन दिन पहले बुखार आया था। मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
इसी गांव के लालाराम पुत्र शंकरलाल उम्र करीब 85 साल को तीन दिन से बुखार था। मंगलवार की सुबह उनका निधन हो गया। इसके अलावा गांव नगला मोहकम, नगला हट्टी और अंधपुरा में भी बीमारियाें से पीड़ित एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सादाबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयपाल सिंह की मां फूलवती देवी भी पिछले कई दिनों से बीमार चल रहीं थी। उनका भी सोमवार को निधन हो गया। इधर, कस्बा सादाबाद की नदी वाली गली निवासी करीब 40 वर्षीय अरविंद पुत्र राम कुमार की मंगलवार की सुबह फिरोजाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। इन्हें पिछले कई दिनों से बुखार था और सांस लेने में तकलीफ भी हुई थी। सलेमपुर रोड पर भी मथुरा निवासी करीब 50 वर्षीय अनिल कुमार शर्मा का निधन भी किडनी की बीमारी से हो गया। कस्बे के प्रगतिपुरम में सोमवार और मंगलवार को बीमार दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा कस्बे के उस्मान गंज में तीन चार दिन से बीमारी से पीड़ित एक महिला की मंगलवार को मौत हो गई।