न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह शनिवार को अमर उजाला और मंगलायतन यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में शहर के संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज की सीनियर विंग में हुआ। इस मौके पर जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 और 12 में यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वाले करीब 400 मेधावियों को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रमेश रंजन, विशिष्ट अतिथि एसपी देवेश कुमार पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, मंगलायतन यूनिवर्सिटी के मार्केटिंग मैनेजर मयंक प्रताप सिंह, डॉ. राजीव शर्मा ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डीएम ने कहा कि जिन बच्चों के नंबर ज्यादा आए हैं या कम, दोनों ही अपने दिमाग से इन नंबरों को निकाल दें और फिर बिल्कुल शून्य से अपनी अगली सीढ़ी की तैयारी करें। ये न सोचें कि हमने यह परीक्षा में टॉप किया है तो अगली परीक्षा में भी टॉप कर जाएंगे। अपने लक्ष्य को निर्धारित करें और उसी हिसाब से योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करें। डीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि देश को विकसित बनाने में आपका अहम योगदान है। जो बच्चे अपने स्कूल के टॉपर होते हैं, वह अक्सर कहीं न कहीं भविष्य में अच्छी जगह सेटल हो जाते हैं।
डीएम ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसपी देवेश कुमार पांडेय ने कहा कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कैरियर की नींव हैं। हाईस्कूल की परीक्षा मेहनत को दर्शाती है। अपनी क्षमता को आप अपने साथ-साथ समाज व राष्ट्र के लिए लगाएं। जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने इस कार्यक्रम के लिए अमर उजाला की प्रशंसा की और साथ ही सभी बच्चों को बधाई दी। इस मौके पर मंगलायतन यूनिवर्सिटी के मार्केटिंग मैनेजर मयंक प्रताप सिंह के अलावा डॉ. राजीव शर्मा ने मेधावियों को कैरियर से संबधित टिप्स दिए और उन्हें अहम जानकारियां भी दीं। संवाद
सम्मान पाने के बाद मेधावियों ने ली सेल्फी
हाथरस। शहर के संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मेधावियों ने सम्मान लेने के बाद अपने मित्रों के साथ खूब सेल्फी ली। इन सेल्फी को सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके अलावा अतिथियों द्वारा सम्मान ग्रहण करने के फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए गए। संवाद