हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन ने विद्युत महकमे के अधीक्षण अभियंता, सभी अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारियों के साथ विद्युत सुधार कार्यों की समीक्षा की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में जर्जर विद्युत लाइनों और खंभों को बदलने के लिए शासन से धनराशि मांगी गई है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में बिजली की अधिकतर लाइनें पुरानी एवं जर्जर हैं। विद्युत भार को सहन करने में सक्षम न होने के कारण विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होती है। विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही है। बिजली के तार ढीले एवं जर्जर होने के कारण कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। उन्होंने बताया कि लाइन की लंबाई अधिक होने के कारण लाइनों को दो भागों में जोड़ दिया जाए, जिससे आपूर्ति में व्यवधान की समस्या से निजात मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिले में विद्युत के जर्जर तारों एवं खंभों को बदलने के लिए धनराशि की मांग की गई है। डीएम ने सरकारी विभागों के विद्युत बकाया, निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल पर प्राप्त लंबित आवेदन, ट्रांसफॉर्मरों का प्रतिस्थापन और आपूर्ति के बारे में जानकारी की। एक्सईएन ने बताया कि जिले के सरकारी विभागों द्वारा बकाया विद्युत बिल का भुगतान नहीं किया गया है। डीएम ने विभागों को विद्युत के बकाये का भुगतान शीघ्र से शीघ्र करने और झटपट पोर्टल पर प्राप्त लंबित आवेदनों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। संवाद