संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो चुकी हैं। बाजार से लेकर गली-मोहल्लों और तिराहों से लेकर चौराहों पर चाय की दुकानों पर लोग चाय की चुस्कियों के साथ चुनावी चर्चा में मशगूल हैं। मंगलवार को भी बस स्टैंड के सामने स्थित उत्तम रेस्टारेंट पर लोग चुनावी चर्चा में व्यस्त दिखाई दिए।
चर्चा के दौरान पूर्व विधायक रामसरन आर्य ने कहा कि जनता को किसी ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहिए, जो कि स्थानीय हो और उनकी समस्या का समाधान कराने के लिए तत्पर रहता हो। ऐसे प्रत्याशी को जनता कतई विधायक न बनाए जो जीतकर फिर जनता के बीच वापस ही न लौटे।
जनता को जातिवाद में न फंसकर एक अच्छे प्रत्याशी को इस बार विधायक बनाना चाहिए जो कि सिर्फ विकास की राजनीति करता हो। पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ. यतेंद्र शर्मा ने कहा कि किसी ऐसे प्रत्याशी को वह वोट करेंगे जो जनता की सुने, गरीब मजदूरों के हित की बात करे और सादाबाद को नगर पालिका का दर्जा दिलाना उसकी प्राथमिकताओं में हो।
अधिवक्ता बहादुर सिंह ने कहा कि वह किसी ऐसे प्रत्याशी को वोट करेंगे जो स्वच्छ और साफ छवि का हो, जनता के बीच रहकर जनता का काम करे, ग्रामीण जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
निरंजन जैसवाल कहते हैं ऐसे प्रत्याशी को जिताना है जो जातिवाद, धर्मवाद से ऊपर उठकर क्षेत्रीय जनता के लिए काम करे। तकनीकी कॉलेज का निर्माण कराए, जिससे कि सादाबाद क्षेत्र के हजारों युवाओं को इसका लाभ मिल सके। नत्थीलाल गौतम बोले कि किसी ऐसे प्रत्याशी को वोट करेंगे, जो कि बेदाग हो, हमेशा जनता के बीच में रहता हो और हर व्यक्ति के काम आए।