न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर पुलिस ने मथुरा रोड पर गुलाब बाग के निकट लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े तीन बदमाशों को दबोच लिया। इससे पहले बदमाशों ने अपने बचाव में पुलिस दल पर फायर झोंक दिया। जिससे पुलिस कर्मी बाल-बाल बचे। घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों बदमाशों को दबोच लिया। इनके से तमंचा, कारतूस व छुरी बरामद की है।
रविवार की रात को कोतवाली सदर प्रभारी जगदीशचंद्र को सूचना मिली कि मथुरा रोड स्थित गुलाब बाग के निकट तीन बदमाश लूट करने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर कोतवाल के अलावा एसआई राजीव सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा घेराबंदी की गई। तभी एक बदमाश ने पुलिस टीम को देख लिया और फायर कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।
पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया और फिर उन्हें कोतवाली लाया गया। पकड़े गए बदमाश इरफान उर्फ सूसा पुत्र कलुआ कुरैशी निवासी मस्जिद वाली गली मधुगढ़ी, निखिल उर्फ साहिल पुत्र सुनील वाल्मीकि निवासी मोहल्ला कर्र और विनय शर्मा उर्फ बिन्नू उर्फ मेंटल निवासी गली सादाबादियान हाथरस हैं।
कोतवाल जगदीशचंद्र ने बताया कि तीनों ही बदमाश शातिर अपराधी हैं। निखिल पर छह, विनय और इरफान पर सात-सात मुकदमे कोतवाली सदर में दर्ज हैं। पुलिस ने इरफान के पास से तमंचा, निखिल के पास से नुकीली छुरी और विनय के पास से कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ जगदीशचंद्र, एसआई राजीव कुमार, ललित कुुमार, कार्तिक सिंह, अंकित कुमार शामिल थे।