न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ड्यूटी के प्रति मीटर रीडरों की मनमानी रोकने के लिए बिजली अधिकारियों ने नई व्यवस्था तय की है। अब क्षेत्र में रीडिंग के काम पर जाने से पहले रीडरों की अफसरों के सामने परेड होगी। पूर्व में सब स्टेशन वार रीडरों के काम की निगरानी की जिम्मेदारी टीजीटू को दी गई थी। काम में हीलाहवाली की शिकायतों को देखते हुए अब अफसरों ने खुद मीटर रीडरों से रूबरू होने का निर्णय लिया है। शहर से देहात तक सभी विद्युत उपकेंद्रों पर एक रजिस्टर रखा जाएगा। मीटर रीडर उसमें उपस्थिति लगाकर संबंधित क्षेत्र में काम के लिए जाएंगे। शाम को वापस लौटने पर अपनी आमद दर्ज कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि जिले में उपभोक्ताओं की बिलिंग के लिए चार दर्जन मीटर रीडरों की तैनाती है। ब्लूटूथ प्रिंटर के जरिये रीडरों द्वारा रीडिंग का काम किया जा रहा है। इस माह अधीक्षण अभियंता ने प्रो बिलिंग के लक्ष्य में भी बढ़ोतरी कर दी है। बार-बार कहने के बावजूद प्रो बिलिंग का काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा। इसी बीच निगम के चेयरमैन ने अफसरों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मीटर रीडरों के काम की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
अब क्षेत्र में जाने से पहले मीटर रीडरों की अफसरों के समक्ष रोज सुबह परेड होगी। विद्युत उपकेंद्रों पर रीडरों के लिए एक रजिस्टर रखा जाएगा। उसमें रीडर सुबह अपनी उपस्थिति लगाएंगे और संबंधित जेई को बताएंगे। यदि काम में हीलाहवाली की तो उनको आला अफसरों के समक्ष पेश भी होना होगा। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि सभी बिजलीघरों पर रजिस्टर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन रजिस्टरों में मीटर रीडर की हाजिरी लगेगी। वह जेई को बताकर ही क्षेत्र में जाएंगे।