न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने पूर्व मंत्री व सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय को लेबर कॉलोनी स्थित आवास पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य खाद्य अधिकारी हरेंद्र सिंह पर भ्रष्टाचार एवं उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह द्वारा हाथरस के व्यापारियों को सैंपलिंग का डर दिखाकर उनसे हर महीने अवैध वसूली की जा रही है। इन अधिकारी की शिकायत उद्योग व्यापार मंडल द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी की गई थी, परंतु अभी तक मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस प्रकरण को संज्ञान में लेकर पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने तत्काल मंडलायुक्त अलीगढ़ से फोन पर वार्ता कर इस प्रकरण से अवगत कराया और इन शिकायतों की जांच सक्षम अधिकारी से कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं मंडलायुक्त अलीगढ़ को फैक्स के माध्यम से पत्र भेजा है और जिले के व्यापारियों को सैंपलिंग के नाम पर होने वाले उत्पीड़न से बचाने के लिए इन अधिकारी की उच्चस्तरीय जांच कराके कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत सौंपने वालों में राजीव वार्ष्णेय (घी वाले), तरुण पंकज, हरिमोहन, विजय वार्ष्णेय, शुभम वार्ष्णेय, कन्हैया वार्ष्णेय, अतुल चौधरी, सुमित कुमार, महेशचंद्र, ललित कुमार, पप्पन पहलवान, रानू पंडित, सैंकी पाठक, हेमंत कुमार आदि शामिल हैं।