न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नवरात्र के साथ बाजार में बहार आने की उम्मीद लगा रहे दुकानदार दुकानों का नया लुक देने में जुट गए हैं। रविवार को पितृपक्ष का अंतिम दिन होने के कारण पूरे दिन दुकानों में सफाई व सजावट का काम किया गया।
कोरोना के दो साल बाद रेडीमेड कपड़ा, सराफा, इलेक्ट्रोनिक्स, ऑटो सेक्टर का बाजार उत्साह के साथ सज रहा है। कारोबारियों को इस बार नवरात्र, दिवाली और शादी के सीजन में बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत उछाल आने की उम्मीद है। इसके साथ पुराने माल को सेल लगाकर बेचा जा रहा है। नये मॉल का स्टॉक तेजी से किया जा रहा है।
सोने के दाम गिरने से अच्छी बिक्री की उम्मीद
बीते दो महीने की बात करें तो सोने के रेट 52 हजार प्रतिग्राम थे। वर्तमान में नवरात्र की शुरुआत के साथ एक हजार रुपये दाम गिर गए हैं। खास बात यह है कि सोने दाम गिरने से बाजार में उछाल आएगा। खास बात यह है कि ग्राहकों द्वारा होलमार्क का सोना ज्यादा खरीदा जाएगा।
मेटल के दामों में भी आई गिरावट
कोरोना के दो साल बाद बाजार में उछाल की उम्मीद लगाए कारोबारियों के लिए राहत की बात यह है कि मेटल, तांबा आदि धातुओं के दामों गिरावट आ गई है। मेटल पांच से सात प्रतिशत व तांबा के रेटों में 10 से 15 रुपये प्रतिकिलो की गिरावट आ गई है। इस कारण मेटल कारोबार के भी रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।
स्कूटर की खरीद पर मुफ्त मेंटनेंस के ऑफर
ऑटो बाजार में भी इस बार उछाल आने की खासी उम्मीद है, क्योंकि इस बाजार में कई तरह के ऑफर चल रहे हैं। एक्सचेंज ऑफर में भी दिया जा रहा है। गाड़ी खरीदने पर चांदी का सिक्का ग्राहकों को दिया जा रहा है। होंडा का स्कूटर खरीदने पर कंपनी की तरफ से मेंटेनेंस के लिए दो साल तक पैसा दिया जाएगा। यहां तक मोबी ऑयल कंपनी दे रही है। कुल मिलाकर स्कूटर खरीदने पर ग्राहक को दो साल में साढ़े तेरह हजार रुपये तक का फायदा होगा।
कारोबारियों को उम्मीद
कोरोना के दो साल बाद बाजार पूरी तरह खौफ से मुक्त है, इसलिए टीवी धारावाहिकों से संबधित साड़ियां व पार्टी वीयर कपड़ों की ज्यादा मांग रहेगी। दिवाली और सहालगों को लेकर तैयारी की जा रही है। इस बार कपड़ों की बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत तक इजाफे की उम्मीद है।
-बृजबिहारी अग्रवाल, रेडीमेड कारोबारी
इस बार हल्के आभूषणों की मांग ज्यादा है। दो साल बाद कोरोना के बाद बाजार उछाल आने की उम्मीद है। इन दिनों सोने के रेट में एक हजार रुपये प्रति तोले की गिरावट आ गई है। इस कारण बाजार और ज्यादा उछाल आने की उम्मीद है। इस बार सहालग कम है। इसके बाद बाजार अच्छा रहेगा।
-सुधीर जैन, सराफा कारोबारी।
कोरोना के चलते दो साल से बाजार सुस्त चल रहा था। इस बार कोरोना नहीं है, इसलिए मेटल कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। नवरात्र, दिवाली और सहालग में बाजार में उछाल आएगा। इसके लिए माल का कारोबारियों द्वारा स्टॉक भी किया जा रहा है। कारोबार ठीक रहने की उम्मीद है।
-अशोक बागला, मेटल कारोबारी
इस बार धान की फसल भी सही है। आलू के रेट भी सहीं है। कोरोना काल नहीं है, इसलिए बाजार में उछाल तो आएगा। अब तक पांच दर्जन से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। कुल मिलाकर ऑटो बाजार किसान की फसल पर निर्भर रहता है। इस बार बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है।
-गौरव सेकसरिया, बाइक शोरूम संचालक
इस बार चावल व खाद्य तेलों के दामों में पिछले साल की अपेक्षा गिरावट आई है। महंगाई कम होने से ग्राहकों की खरीदारी के प्रति रुझान बढ़ेगा। नवरात्र के साथ बाजार में अच्छा खासा बूम आएगा। दिवाली और सहालग की शुरुआत होगी, इसलिए बाजार में अब रौनक रहेगी।
-महेश चंद्र वार्ष्णेय किराना कारोबारी