हाथरस: आरोपियों के परिजनों से मिलने जाने पर गांव के रास्ते पर अधिकारियों से जानकारी करते अधिवक्त?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिटिया और आरोपियों के घर शनिवार को भी आने वालों का सिलसिला जारी रहा। क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह व निर्भया कांड के दोषियों के अधिवक्ता एपी सिंह जहां आरोपियों के परिजनों से मिले, वहीं सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष लाल मणि कुमार वाल्मीकि ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
बिटिया के गांव में दोनों पक्षों से मिलने वालों का सिलसिला जारी है। शनिवार को क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह के अलावा निर्भया कांड के दोषियों के अधिवक्ता एपी सिंह गांव पहुंचे। वहां उन्होंने आरोपियों के परिजनों से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी हासिल की। इस दौरान आरोपियों के घर पर क्षत्रिय समाज के कुछ लोग आ गए।
इन लोगों ने मानवेंद्र सिंह का स्वागत किया। तदुपरांत अधिवक्ता एपी सिंह ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर जाकर मुआयना किया। दूसरी ओर पीड़िता के घर पीड़िता के परिजनों से मिलने के लिए सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष लालमणि कुमार वाल्मीकि भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी है और कहा कि सीएम ने उन्हें भेजा है। वह सीएम को पूरे घटनाक्रम की गोपनीय रिपोर्ट देंगे। कुछ अन्य अधिवक्ता भी पीड़ित परिवार से मिले और उनके आंसू पोंछे।