हाथरस: खाद, बीज विक्रेताओं की विकास भवन में होती परीक्षा।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास भवन सभागार में जिले के खाद विक्रेताओं की परीक्षा हुई । एक साल का प्रशिक्षण पूरे होने के बाद मंडलीय स्तरीय अधिकारियों की निगरानी में इस परीक्षा को कराया गया। इस परीक्षा में पास होने वालों को ही आने वाले समय में खाद, बीज आदि बेचने का अधिकार प्राप्त हो सकेगा।
शासन के निर्देशों पर अब खाद व बीज विक्रेताओं को बीएससी केमिस्ट्री व बीएससी एग्रीकल्चर सहित कृषि विभाग का डिप्लोमा होना अनिवार्य है। पुराने समय से कार्यरत विक्रेताओं को अब विभाग की ओर से सहूलियत मुहैया कराई गई है। विभाग की ओर से यहां जिले के 40 बीज विक्रेताओं को डिप्लोमा कराया गया है।
इस डिप्लोमा की अवधि एक वर्ष की थी। इस अवधि के पूर्ण होने के बाद बुधवार को विकास भवन परिसर में विक्रेताओं की परीक्षा की गई । यह परीक्षा मंडल के अधिकारियों की निगरानी में की गई। जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार ने बताया कि परीक्षा में पास होने वाले सभी विक्रेता आने वाले समय में खाद व बीज का कारोबार कर सकेंगे।