हाथरस: कोविड 19 पर फिल्म बनाने वाले मनीष कुमार वर्मा।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोविड 19 के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता लाने के उद्देश्य से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कोविड 19 जन पहल प्रतियोगिता कराई। इस लघु वीडियो प्रतियोगिता का परिणाम चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट पर घोषित कर दिया गया है।
प्रतियोगिता में हाथरस निवासी फिल्म निर्देशक मनीष कुमार वर्मा ने पूरे प्रदेश में (एक मिनट वीडियो प्रतियोगिता) में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह वीडियो एमकेवी आर्ट्स फिल्म एवं एसआरएस एंटरटेनमेंट और खोटा सिक्का फ़िल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है। इस वीडियो का कांसेप्ट बॉलीवुड अभिनेत्री आराधना सचान ने दिया। एक मिनट की वीडियो का लेखन और निर्देशन का कार्य मनीष कुमार वर्मा ने किया है। फ़िल्म में मुख्य किरदार सुभाष मिश्रा ने बाबा चटपटी का क़िरदार बड़ी खूबसूरती से निभाया है।
प्रोडक्शन मैनेजर रामवीर सिंह ने बताया कि अभी हाल ही में कोरोना से लोगों को जागरूक करने के लिए लघु फिल्म आत्मनिर्भर भारत भी बनाई गई है। इसको पूर्व अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने पुलिस कार्यालय पर लांच किया था। फ़िल्म में टीवी सीरियल और बॉलीवुड के कलाकारों ने काम किया। इससे पहले मनीष कुमार वर्मा प्रदेश सरकार के लिए कई प्रोजेक्ट बना चुके हैं। वह ज्यादातर सामाजिक फिल्म बनाते हैं।
बाबा चटपटी कोविड 19 - जन पहल वीडियो को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की तरफ से पुरस्कार मिलने के बाद ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया जाएगा। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने पूरे प्रदेश के लोगों के लिए यह एक मिनट का वीडियो बनाने के लिए कहा था, जिसके तहत कोविड19 की रोकथाम और सावधानी के लिए लोगों की राय जान सकें।