हाथरस: मंडी समिति में गेहूं क्रय केंद्र पर वारदाना नहीं होने पर खड़ी गेहूं से लदी ट्रॉली।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के 54 क्रय केंद्र पर अब तक अब तक एक लाख 77 हजार क्विंटल गेहूं आ चुका है। जिसमे से एक लाख 50 हजार क्विंटल गेहूं एफसीआई गोदाम पर पहुंच गया है, लेकिन गेहूं की गाड़ियों को उतारने में देरी हो रही है। इस कारण गोदाम के बाहर गाड़ियों की लंबी लाइन लगी हुई है। शनिवार को डिप्टी आरएमओ ने मंडी के दोनों क्रय केंद्र व एफसीआई गोदाम का निरीक्षण किया। एफसीआई कर्मियों को काम में तेजी लाने के लिए कहा।
उल्लेखनीय है कि हाथरस जिले को शासन से 57 हजार 900 एमटी का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अब तक एक लाख 77 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। ट्रकों के जरिए एक लाख 50 हजार क्विंटल गेहूं एफसीआई गोदाम पर पहुंच गया है। गाड़ियों से गेहूं की उतारने में धीमी गति को लेकर काफी दिक्कत हो रही थी। इस बात को ध्यान में रखते हुए शनिवार को डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार सबसे पहले मंडी स्थित दोनों केंद्रों पर पहुंचे वहां बोरों का इंतजाम करवाया।
उसके बाद गिजरौली स्थित एफसीआई गोदाम पहुंचे। वहां पर राशन के गेहूं का उठान भी हो रहा है साथ ही क्रय केंद्रों से पहुंचने वाली गाड़ियों को उतारा जा रहा है। हर रोज करीब 20 से 25 गाड़ियां उतारी जा रही हैं। करीब 25 गाड़ियां लाइन में लगी रहती है। इस कारण केंद्र प्रभारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। डिप्टी आरएमओ ने साफ शब्दों में कहा कि जल्दी से जल्दी गाड़ियों को उतारे, ताकि और गेहूं आ सके।