हाथरस : असली नोट लगाकर बनाई गई नकली नोटों की गड्डी। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
दो शातिर बदमाशों ने कस्बे के दुकानदार को 40 हजार का लालच देकर चार लाख रुपये का चूना लगाया है। दुकानदार ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस शातिरों की तलाश कर रही है।
दरअसल, एक माह पहले दो अज्ञात लोग जलेसर रोड स्थित एक दुकानदार के पास आए थे। इन लोगों ने बताया था कि वह जिस जगह काम करते हैं, वहां छोटे नोटों में काम होता है और उन्हें बाद में बड़े नोटों की जरूरत पड़ती है, इसलिए वह छोटे नोट देकर बड़े नोट लेना चाहते हैं। इसके बदले वह दुकानदार को 10% कमीशन भी देंगे।
दोनों लोग दुकानदार से 22 हजार रुपये के दस-दस के नोट देकर 20 हजार ले गए। कुछ समय बाद दुकानदार से कॉल करके लोगों ने बताया कि उनके पास दो लाख रुपये के दस-दस के नोट हैं, जिन के बदले उन्हें बड़े नोट चाहिए। दुकानदार ने पैसे ना होने का बहाना बनाकर टाल दिया। मंगलवार को फिर उन लोगों ने फोन करके बताया कि वह चार लाख के नोट बदलना चाहते हैं। इसके बदले वह 40 हजार का कमीशन देंगे।
लालच में आकर दुकानदार राजी हो गया। दोनों ब्रीफकेस में 10 के नोटों की गड्डियां लेकर दुकानदार के पास पहुंच गए और उनमें से एक-दो नोट की गड्डी दुकानदार को दिखाई। संतुष्ट होने पर दुकानदार से चार लाख रुपये लेकर चले गए। जब दुकानदार ने घर जाकर ब्रीफकेस खोला तो उसमें कागज की गड्डियां थी, जिन पर ऊपर और नीचे 10 के नोट लगे हुए थे। यह देख दुकानदार के पैरों तले जमीन खिसक गई। इस मामले में पुलिस को शिकायत की है और पुलिस जांच कर रही है। संवाद