न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के सेवानिवृत्त पेंशनकर्मियों को अब जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कोषागार व बैंकों के चक्कर नहीं काटने होंगे। शासन स्तर से यह सुविधा ऑनलाइन कर दी गई है। रिटायर्ड कर्मी अपने नजदीकी जन सुविधा केंद्र पर जाकर अपना जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन करा सकते हैं। वही से उस जीवन प्रमाण पत्र को बैंक व कोषागार को भिजवा सकते हैं।
कोरोना महामारी को देखते हुए सरकार ने यह सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के तहत पेंशन कर्मियों के जीवन प्रमाण पत्र को अब ऑनलाइन किया गया है। सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त होने के बाद पेंशन पाने वाले सभी कर्मियों को हर साल अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना पड़ता है।
यह जीवन प्रमाण पत्र कर्मियों को बैंक व कोषागार में जाकर जमा करना पड़ता है। शासन ने इस संबंध में सभी कोषाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार ने निर्देश देते हुए कहा है कि ऑनलाइन प्राप्त होने वाले जीवन प्रमाण पत्रों को स्वीकृत किया जाए।