हाथरस। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले में अब तक करीब 14.10 लाख लोगों की आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। बुधवार को मथुरा रोड स्थित होटल में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यशाला में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि जिले की 18.74 लाख अनुमानित आबादी में से अधिकांश लोगों की आभा आईडी बन चुकी हैं। सभी 293 सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों का एचएफआर पर पंजीकरण भी पूरा हो गया है। वहीं, 489 निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में से 352 पंजीकृत हुए हैं। शेष अस्पतालों से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की गई।
कार्यशाला में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश, नगरीय पीएचसी सादाबाद के प्रभारी डॉ. जुनैद और सहपऊ के प्रभारी डॉ. प्रकाश मोहन को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। एबीजी हॉस्पिटल के निदेशक सहित अन्य चिकित्सकों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस दौरान सीडीओ पीएन दीक्षित और सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश मौजूद रहे।