हाथरस : चोरी के बाद खुली तिजोरी और बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
बिसावर के सराफा बाजार स्थित दो दुकानों के बृहस्पतिवार की रात को ताले तोड़कर बदमाश वहां से लाखों रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। सराफा कारोबारी की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है।
बिसावर के सराफा बाजार में बृहस्पतिवार की रात को प्रवीण कुमार अग्रवाल और एक अन्य सराफा कारोबारी की दुकान के ताले बदमाशों ने तोड़ दिए। बदमाश एक दुकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। दुकान में लगे कई ताले बदमाशों ने काट दिए। बदमाशों ने तिजोरी भी काट दी। दूसरी दुकान में भी बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
प्रवीण कुमार अग्रवाल पुत्र देवेंद्र कुमार अग्रवाल निवासी बिसावर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण की दुकान करते हैं। रात करीब 11:30 बजे चोर उनकी दुकान की तिजोरी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। दुकान से पायल, बिछुआ, ब्रेसलेट, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, चांदी के बर्तन, नाक की बाली आदि लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। बाजार में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाश कैद हो गए हैं।
थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही चोर पुलिस की हिरासत में होंगे। संवाद