संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
इगलास रोड पर नगला हेमा के निकट एक मजदूर की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। करीब 12 घंटे बाद उसके शव की शिनाख्त हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया।
थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव विद्यानगर निवासी ब्रजमोहन उर्फ पप्पू (55) पुत्र होतीलाल शनिवार को गांव भोजपुर में अपनी बेटी के यहां जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को जिला अस्पताल लेकर आई। रविवार की सुबह जब ब्रजमोहन घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश करनी शुरू की। मौत की खबर पर परिजन जिला अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। संवाद