संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
एटा रोड स्थित गांव रतिभानपुर के समीप जीटी रोड पर रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद जीटी रोड पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना को अंजाम देकर भाग रहे कार चालक को पकड़ कर लोगों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव सखी आबू तालिमपुर निवासी नंदन सिंह के पुत्र लोकेंद्र कुमार (27) रविवार की सुबह बाइक पर सवार होकर गांव कचौरा से आ रहा था। जैसे ही युवक गांव रतिभानपुर के निकट पहुंचा सिकंदराराऊ की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक अपने पीछे गर्भवती पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया। मामले की रिपोर्ट कार चालक के खिलाफ दर्ज करा दी गई है।