न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के रुहेरी के निकट देररात को किसी वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार के लोग शव लेकर बिहार चले गए।
बिहार के छपरा जनपद के थाना तरैया के गांव निबाडी निवासी 35 वर्षीय उमेश राय पुत्र राजेंद्र राय गांव रुहेरी स्थित टायर की एक फैक्टरी में काम करता था। शनिवार की देर शाम को उमेश अपने मोबाइल फोन को सही कराने के लिए जा रहा था। इस बीच गांव रुहेरी के निकट रोड पार करते वक्त उमेश को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घायल को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मजदूर की मौत की जानकारी उसके परिजनों को दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएचओ गौरव सक्सेना का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद